![]()
रामानुजगंज-वाड्रफनगर मेन रोड पर एक पुलिया के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया है। जिससे गहरा गड्ढा बन गया है। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। यह स्थान जनपद कार्यालय से मात्र 200 मीटर दूर एक तीखे मोड़ के पास है।
.
जानकारी के मुताबिक, विभागीय कार्यालय से दो किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित इस पुलिया की प्रोटेक्शन वॉल टूट गई है। जिसके बाद डामरीकृत सड़क का एक बड़ा हिस्सा नीचे धंस गया। यह गड्ढा अब डामरीकृत सड़क तक फैल गया है।
इसकी गहराई लगातार बढ़ रही है। जो राहगीरों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहा है। इस मामले में एसडीओ लोक निर्माण विभाग अजय कुर्रे ने कहा कि जानकारी में है। टेंडर लगा है उसे जल्द ठीक करा दिया जाएगा।
सड़क से रोज गुजरते सैकड़ों वाहन
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रोड से हर सैकड़ों की संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। जनपद कार्यालय आने-जाने वाले लोगों का भी यहां भारी आवाजाही रहता है। तीखा मोड़ होने के कारण वाहनों की गति नियंत्रित न होने पर यह गड्ढा सीधे दुर्घटना का कारण बन सकता है।
कनकपुर-महावीरगंज रोड पर भी गड्ढे
उनका कहना है कि पुलिया के कमजोर होने और सुरक्षा दीवार टूटने की सूचना कई बार अधिकारियों को दी गई है। इसके अलावा इस रोड पर कनकपुर-महावीरगंज के पास भी सड़क किनारे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
समय पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से तुरंत इन खतरनाक स्थानों की मरम्मत कराने, प्रोटेक्शन वॉल का पुनर्निर्माण करने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो वे जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
<
