![]()
कोंडागांव जिले के केशकाल स्थित शासकीय दंडकारण्य महाविद्यालय में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान प्राचार्य कक्ष में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने की सूचना मिलते ही महाविद्यालय प्रशासन ने तत्काल केशकाल पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महाविद्यालय कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे वह अन्य कमरों तक नहीं फैल सकी और एक बड़ा हादसा टल गया। परीक्षा व्यवस्था भी अधिक प्रभावित नहीं हुई और स्थिति सामान्य होने के बाद आवश्यक प्रबंध किए गए। आग से प्राचार्य कक्ष में रखे फर्नीचर, विद्युत उपकरण और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वास्तविक क्षति का आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
<
