.
भिलाई-3 चरोदा नगर निगम के 40 वार्डों में लगे करीब 5 हजार अवैध नल कनेक्शन को काटा जाएगा। यदि नियमत: इसकी जांच कर नियमित किया जाता है तो फाइन और नई लाइन की राशि मिलकर निगम को प्रत्येक कनेक्शन से करीब 4700 रुपए राजस्व की प्राप्ति होगी। इस बात को ध्यान में रखते हुए महापौर परिषद की हुई बैठक में अवैध नल कनेक्शनों को काटने या फिर जुर्माना लगाकर नियमित करने का फैसला किया गया। साथ ही पाइप लाइन विभाग में आवश्यकतानुसार सामग्री की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में निगम सचिव अश्विनी चंद्राकर ने एजेंडे की जानकारी दी। साथ ही वर्ष 2023-24 में जिला खनिज न्यास मद से बने मिलेट्स कैफे को चलाने पर भी विचार किया गया। एनयूएलएम सेंटर में महिलाओं की आजीविका वर्धन के लिए मिलेट्स कैफे बनाया गया। इसे बनाने में करीब 12 लाख रुपए खर्च किया गया है। करीब दो साल से बनकर तैयार मिलेट्स कैफे में दरारें पड़ने लगी हैं। कई स्थानों से यह टूटने भी लगा है। बैठक की अध्यक्षता महापौर निर्मल कोसरे ने की। बैठक में एमआईसी सदस्य मोहन साहू, मनोज डहरिया, एस. वेंकट रमना, ईश्वर साहू, एम जॉनी, देवकुमारी भलावी, संतोषी निषाद, दिप्ती आशीष वर्मा निगम कमिश्नर डीएस राजपूत, कार्यपालन अभियंता रवि सिन्हा, सचिवालय लिपिक अंकित यदु, जनसंपर्क प्रभारी विकास चंद्र त्रिपाठी उपस्थित रहे।
<
