अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का राष्ट्रव्यापी ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान कोंडागांव जिले से शुरू हुआ। यह पहल विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में चुनाव आयोग द्वारा कथित वोट चोरी के विरोध में की गई है।
.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुधराम नेताम ने प्रेस वार्ता में बताया कि लोकतंत्र की रक्षा और मतदाताओं के अधिकार की आवाज बुलंद करने के लिए यह अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर बूथ स्तर तक जाकर लोगों को कथित वोट चोरी की सच्चाई से अवगत कराएंगे और उनके हस्ताक्षर एकत्रित करेंगे। एक लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

एक लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य
महामंत्री रितेश पटेल ने जानकारी दी कि कोंडागांव जिला कांग्रेस ने इस अभियान के तहत एक लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता और पदाधिकारी गांव-गांव, वार्ड-वार्ड जाकर ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ का संदेश आम जनता तक पहुंचाएंगे।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई को सड़क से संसद तक लड़ेगी।
आने वाले दिनों में जिले के सभी ब्लॉकों में बूथ स्तर पर हस्ताक्षर अभियान के साथ-साथ मशाल रैलियां और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष झूमुक दीवान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, ब्लॉक अध्यक्ष भारत देवांगन और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बुधराम मरकाम सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
<
