![]()
भिलाई में पिछले 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। जामुल थाना क्षेत्र में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला, जबकि नेवई थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुए जानलेवा हमले में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जामुल थाना क्षेत्र के राजधानी बार के पास बुधवार देर रात सोनू कुर्रे (38) नामक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। वह गौतम नगर, सुपेला का निवासी था और मूल रूप से कोहका क्षेत्र का रहने वाला था। सूचना मिलने पर जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में मृतक सोनू कुर्रे की पीठ पर खरोंच के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि नशे की हालत में गिरने से उसे चोट लगी हो सकती है, जिससे उसकी मौत हुई। स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, सोनू नशे का आदी था, जिसके कारण उसकी पत्नी और बच्चे उससे अलग रहते थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा लिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। दूसरी घटना नेवई थाना क्षेत्र की है, जहां एक सप्ताह पहले हुए जानलेवा हमले का मामला अब हत्या में बदल गया है। गंभीर रूप से घायल मुकेश टोडर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 मई की सुबह करीब 6 बजे हुई थी। मुकेश टोडर अपने घर के सामने मोटरसाइकिल पर बैठा था, तभी उसका पड़ोसी मनीष कुमार कोसरे लोहे का सब्बल लेकर आया और कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर हमला कर दिया। इस मामले में आरोपी मनीष कुमार कोसरे पहले से ही जेल में है। मुकेश टोडर की मौत के बाद पुलिस अब आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराएं बढ़ाने की तैयारी कर रही है। आरोप है कि मनीष ने मुकेश के सिर पर लगातार 10 से 12 बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर मुकेश की मां कुमारी टोडर, पत्नी साधना टोडर और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल मुकेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भिलाई के स्पर्श हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती किया गया था। लगभग एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 3 जून को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा घटना के बाद नेवई थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने लगातार दबिश दी और आखिरकार आरोपी मनीष कुमार कोसरे (29 वर्ष), निवासी विजय चौक, स्टेशन मरोदा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। अब जबकि घायल युवक की मौत हो चुकी है, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है।
<
