कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान के तहत 20 लाख से अधिक हस्ताक्षर जुटाए गए हैं, जिन्हें आज दिल्ली रवाना किया जाएगा। यह हस्ताक्षर अभियान भाजपा पर लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ है।
.
पार्टी ने अपने जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान के तहत मतदाता सूची की गड़बड़ियों की जांच के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों से हस्ताक्षर एकत्र किए गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज रायपुर से इन दस्तावेजों के बंडल को दिल्ली के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
पांच बिंदुओं पर हुई वोटर लिस्ट की जांच
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने वोटर लिस्ट की जांच पांच प्रमुख बिंदुओं पर करवाई। इनमें —
- डुप्लीकेट मतदाता,
- फर्जी और अमान्य पते,
- एक ही पते पर थोक में दर्ज मतदाता,
- अमान्य तस्वीरें,
- और फॉर्म 6 के दुरुपयोग की शिकायतें शामिल हैं।
पार्टी का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर उठाए जा रहे फर्जी वोट के मुद्दे को प्रदेश में भी मजबूती से आगे बढ़ाया गया है। आम जनता के बीच जाकर उन्हें बताया गया है कि किस तरह से वोटों की चोरी की जा रही है।
40 जिलों, 307 ब्लॉक और 28 हजार बूथ समितियां रहीं सक्रिय
प्रदेश में यह अभियान 16 सितंबर से शुरू हुआ था। इसके तहत 40 जिला संगठन, 307 ब्लॉक इकाइयां और 28,000 से ज्यादा बूथ समितियां सक्रिय रहीं। इन समितियों के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर लोगों से हस्ताक्षर कराए और उन्हें वोट की सुरक्षा के लिए जागरूक किया।

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने बताया कि जनता ने इस अभियान को अभूतपूर्व समर्थन दिया है। उन्होंने कहा, “लोग अब समझ चुके हैं कि वोट की चोरी लोकतंत्र की हत्या के समान है। यही कारण है कि हर वर्ग ने कांग्रेस के इस आंदोलन को समर्थन दिया।”
कांग्रेस का दावा है कि दिल्ली पहुंचने के बाद ये हस्ताक्षर पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपे जाएंगे, जो इस मुद्दे को आगे चुनाव आयोग और संसद तक ले जाएगा।
<
