छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि सरकार ने 5 लाख महिलाओं को योजना का लाभ नहीं दिया, जबकि बीजेपी प्रवक्ता ने इसे भ्रामक बताते हुए कांग्रेस को “शर्म करने” की नसीहत दी है।
.
कांग्रेस प्रवक्ताओं ने आरोप लगाया कि महतारी वंदन योजना के तहत रजिस्ट्रेशन करने वाली 5 लाख महिलाओं को अब तक 20वीं किश्त नहीं मिली है। उनका कहना है कि जिन महिलाओं को नियमित रूप से राशि मिलनी चाहिए थी, उन्हें अब तक भुगतान नहीं हुआ।

महतारी वंदन योजना के तहत फॉर्म भरती हुई प्रदेश की महिलाए। (फाइल फोटो)
सरकार पात्रता की कर रही समीक्षा
इस पर बीजेपी नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि सरकार पात्रता की समीक्षा कर रही है। जिन महिलाओं के दस्तावेज अधूरे या दोहराए गए थे, उन्हें फिलहाल सूची से हटाया गया है ताकि केवल पात्र हितग्राहियों को ही लाभ मिले।

कांग्रेस नेता धनंजय ठाकुर।
अब पढ़ें कांग्रेस ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता धनंजय ठाकुर ने कहा कि, महतारी वंदन योजना के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को पहली किश्त आवंटित की थी। अक्टूबर माह में प्रदेश प्रवास पर आए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 20वीं किश्त जारी की।
इस किश्त में उन्होंने 64,94,768 महिलाओं को योजना के तहत पैसा ऑनलाइन ट्रांसफर किया। अब सवाल उठ रहा है कि जब योजना शुरू हुई थी, तब 70 लाख महिलाएं लाभार्थी थीं तो अब 5 लाख हितग्राही कम कैसे हो गए?

बीजेपी नेता अमित चिमनानी।
अब पढ़ें बीजेपी नेता ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता के आरोपों पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस जो आरोप लगा रही है। उनके पास ये आंकड़ा कहां से आया? उन्हें स्पष्ट करना चाहिए। हमारी सरकार ने विश्व के पटल में उदाहरण पेश किया है। हमारी सरकार ने एक माह के अंदर 70 लाख लोगों का डेटा इकट्ठा कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया है।

महतारी वंदन योजना के तहत पैसा मिलने पर आयोजन में खुशी जाहिर करते हुए पात्र आवेदक। (फाइल फोटो)
अपात्रों को रिव्यू कर किया जाएगा योजना से बाहर
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि अपात्रों को रिव्यू कर योजना से बाहर किया जाएगा, लेकिन उस दौरान पात्रों को राशि नहीं रुकना चाहिए। पात्र लोगों को ही सरकार की योजनाओं का फायदा मिलना चाहिए। कांग्रेस सत्ता में थी, तो महिलाओं के साथ वादा खिलाफ की। कांग्रेस को शर्म आना चाहिए।
<
