मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ के पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष स्वर्गीय बनवारी लाल अग्रवाल की पगड़ी रस्म कार्यक्रम में शामिल हुए। 27 अक्टूबर को कोरबा के अग्रसेन भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने स्वर्गीय अग्रवाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर
.
मुख्यमंत्री ने बनवारी लाल अग्रवाल की धर्मपत्नी पुष्पा अग्रवाल और उनके परिवार के सदस्यों से मिलकर उन्हें ढाढस बंधाया और अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वर्गीय बनवारी लाल अग्रवाल का जीवन जनसेवा और समर्पण का प्रतीक था। उन्होंने सदैव कोरबा जिले के विकास और जनता की भलाई के लिए कार्य किया। मुख्यमंत्री ने उनकी सादगी, विनम्रता और सामाजिक संवेदनशीलता को हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

पीएम मोदी के आगमन की दी जानकारी
इस कार्यक्रम के पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सीएसईबी फुटबॉल मैदान में हेलीकॉप्टर से उतरे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस स्वागत समारोह में विधायक प्रेमचंद पटेल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान आगामी 1 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ आगमन की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ निर्माण के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं, और राज्य जयंती उत्सव पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर राज्य के नवनिर्मित विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे।

बड़ी संख्या में रही लोगों की मौजूदगी
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। सभी ने स्वर्गीय अग्रवाल के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, महावीर अग्रवाल, बजरंग लाल अग्रवाल, बिहारी लाल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर अजीत वसंत और SP सिद्धार्थ तिवारी भी उपस्थित थे।

<
