गौरेला में स्थित ब्रह्मचारी तालाब को स्वच्छ और सैर करने योग्य बनाने का अभियान शुरू हो गया है। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष एवं समाजसेवी हर्ष छाबरिया के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है।
.
तालाब चारों तरफ से झाड़ियों, खरपतवार और कचरे से घिरा हुआ है। हर्ष छाबरिया ने कहा कि जनसहयोग से इस तालाब को पूरी तरह साफ किया जाएगा। उनका मानना है कि कुछ दिनों में तालाब की स्थिति इतनी बदल जाएगी कि लोग इसे पहचान नहीं पाएंगे।

अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष और कई प्रमुख लोग हुए शामिल
इस अभियान में नगर पालिका गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक डॉ. संजय शर्मा समेत कई प्रमुख लोग शामिल हैं। हर्ष छाबरिया का कहना है कि लोगों को हर काम के लिए शासन-प्रशासन पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपना कर्तव्य भी निभाना चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने नागरिकों से अपील की है कि सफाई के बाद पूजा सामग्री और फूलों को पॉलिथीन में बांधकर तालाब में न डालें। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन ही गंदगी का मुख्य कारण है। ब्रह्मचारी तालाब कई पीढ़ियों की धरोहर है और इसे स्वच्छ रखना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।



<
