![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल, बिजली और खाद की बढ़ती कीमतों के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया और पुलिस के साथ झड़प भी हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पर चढ़कर सरकार विरोधी नारे लगाए। यह प्रदर्शन धमतरी जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित किया गया था। कलेक्ट्रेट मोड स्थित जनपद कार्यालय के पास बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया, जिला अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सदस्य और पार्षद शामिल थे। कलेक्ट्रेट से लगभग 100 मीटर दूर एक पंडाल लगाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। सभा के बाद कांग्रेसियों ने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया। बैनर-पोस्टर लिए कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। कलेक्ट्रेट पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे। हालांकि, कांग्रेसी बैरिकेड तोड़ते हुए मुख्य गेट तक पहुंच गए और कई स्तर के बैरिकेड्स को लांघकर उन पर चढ़ गए, जहां उन्होंने महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। खरीफ सीजन में खाद की कमी से किसान परेशान जिलाध्यक्ष ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। खरीफ सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन किसानों को सोसायटियों में यूरिया और डीएपी जैसे महत्वपूर्ण खाद नहीं मिल रहे हैं। इससे खेती का काम प्रभावित हो रहा है और उत्पादन कम होने की आशंका है, जिससे किसान परेशान हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में अघोषित बिजली कटौती के बावजूद सरकार ने बिजली दरों में बढ़ोतरी की है, जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा। बिजली दरों में पांचवीं बार बढ़ोतरी का आरोप दीपक बैज ने कहा कि राज्य सरकार ने पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि की है। 1 जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं और किसानों को मिलने वाली बिजली महंगी हो जाएगी। एक ओर पूरा देश महंगाई की मार झेल रहा है, वहीं छत्तीसगढ़ की डबल इंजन सरकार बिजली के दाम बढ़ाकर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।
<
