छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से स्कूटी सवार मां और उसकी डेढ़ साल की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को हिरासत में लिया
.
जानकारी के मुताबिक, विकास साहू (30) पत्नी और डेढ़ साल की बेटी के साथ किसी काम से बाहर निकले थे। इस दौरान भारतीय दयानंद आर्य उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास ट्रैक्टर को देख स्कूटी उन्होंने ब्रेक मारी। ब्रेक मारते ही पीछे बैठी पत्नी और बेटी गिर गई और दोनों ट्रॉली की चपेट में आ गईं।

जानिए प्रत्यक्षदर्शी ने क्या कहा ?
प्रत्यक्षदर्शी चुम्मन देशमुख ने बताया कि मिट्टी लेकर जा रही ट्रैक्टर (सीजी 07 डी 3977) ट्रॉली (सीजी 07 एन 4992) भारतीय दयानंद आर्य उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास पहुंची थी। उसी समय स्कूटी सवार विकास साहू सामने से आ रहे ट्रैक्टर को देखकर अपने वाहन को साइड में रोकने लगे।
इस दौरान झटके से उनकी 25 वर्षीय पत्नी और डेढ़ साल की बेटी स्कूटी से नीचे गिर पड़ीं और सीधे ट्रॉली के पिछले पहियों की चपेट में आ गईं। उन्हें फौरन पास के अस्पताल ले जाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ट्रैक्टर ड्राइवर से पूछताछ कर रही पुलिस
फिलहाल, पुलिस इस मामले में ट्रैक्टर ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। ट्रैक्टर मालिक की भी जानकारी निकाली जा रही है। दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भी भिजवा दिया गया है। आंखों के सामने हुई इस घटना को देख विकास सकते में है।
सड़क पर स्पीड ब्रेकर तक नहीं
वार्ड नंबर 5 मरारपारा के रहने वाले दिनेश देवांगन ने बताया कि यह सड़क बेहद व्यस्त रहती है। आसपास तीन-चार स्कूल होने के कारण दोपहर में बच्चों के आने-जाने के समय यहां भारी भीड़ रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर तक नहीं हैं, जिससे वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं।
<
