छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में गर्भवती का एक ही दिन में 2 बार ऑपरेशन कर दिया गया। ऑपरेशन कर डिलीवरी कराई गई। टांके से ब्लड आने पर महिला का यूट्रस (गर्भाशय) निकाल दिया गया। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे रायपुर रेफर किया गया।
.
रायपुर के मेकाहारा हॉस्पिटल से महिला को एम्स ले जाने कहा गया। एम्स ने बेड खाली नहीं है कहकर भर्ती करने से इनकार कर दिया। वापस लाने के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजन ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
वहीं, हॉस्पिटल प्रबंधन ने लापरवाही से इनकार किया है। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के गायनिक वार्ड के HOD ने कहा कि महिला की बच्चेदानी ढीली हो गई थी। पेट में खून जम गया। जान बचाने के लिए दोबारा ऑपरेशन कर यूट्रस निकाला गया था।
पहले देखिए ये तस्वीरें-

गर्भवती का एक ही दिन में दो बार ऑपरेशन कर दिया गया। (AI जनरेटेड इमेज)

अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप।

परिजनों ने बताया कि रायपुर एम्स ने बेड खाली नहीं है कहकर भर्ती नहीं किया।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के कृष्णनगर निवासी सुनीता सिंह (35) पति मनीष सिंह 9 महीने की प्रेग्नेंट थी। उसे मितानिन संगीता सिंह 4 दिसंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बगड़ा लेकर गई थी।
डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जांच के बाद बच्चे को खतरा बताकर उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। 4 दिसंबर की शाम महिला को लेकर परिजन अंबिकापुर पहुंचे।
ऑपरेशन से हुआ बच्चे का जन्म, दूसरे दिन बिगड़ी हालत
सुनीता सिंह को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के गायनिक वार्ड में भर्ती किया गया। रात 1.30 बजे उसका सिजेरियन ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन से सुनीता ने 3.40 किलोग्राम के स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। दोनों को डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया था।
5 दिसंबर की शाम सुनीता सिंह को लगाए गए टांके से ब्लड आने लगा। इसकी जानकारी परिजनों ने डॉक्टर को दी। आनन-फानन में सुनीता सिंह को दोबारा ऑपरेशन के लिए ले गए।

6 दिसंबर को महिला को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज से रायपुर रेफर किया गया था।
दोबारा ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, रायपुर किया रेफर
डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि यूट्रस का रास्ता बंद हो गया है। यूट्रस निकालना पड़ेगा। परिजनों ने इसकी सहमति दे दी। सुनीता सिंह का ऑपरेशन कर यूट्रस निकाल दिया गया। लेकिन दोबारा हुए ऑपरेशन के बाद सुनीता का यूरिन बंद हो गया। उसकी हालत बिगड़ने लगी। 6 दिसंबर को डॉक्टरों ने हालत बिगड़ती देख उसे रायपुर रेफर कर दिया।
रायपुर में नहीं किया एडमिट, वापस आने के दौरान मौत
मितानिन और परिजनों ने बताया कि वे सुनीता को लेकर रायपुर मेकाहारा हॉस्पिटल पहुंचे। वहां से उसे एम्स ले जाने की सलाह दे दी गई। जब वे एम्स पहुंचे तो बताया गया कि वहां बेड खाली नहीं है। जहां से उसे लेकर आए हो, वहीं वापस चले जाओ। बिना इलाज कराए परिजन सुनीता सिंह को लेकर वापस अंबिकापुर लौट रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई।

जब परिजन एम्स रायपुर पहुंचे तो बताया गया कि वहां बेड खाली नहीं है।
ऑपरेशन में लापरवाही के कारण हुई मौत- परिजन
इस मामले में परिजनों ने ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाया है। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में महिला के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि सुनीता सिंह के पहले से 3 बच्चे थे। सभी नॉर्मल डिलीवरी से हुए थे। उसकी यह चौथी डिलीवरी थी।
जान बचाने दोबारा ऑपरेशन किया- डॉक्टर
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के गायनिक वार्ड के HOD डॉ. अविनाशी कुजूर ने बताया कि ऑपरेशन के बाद बच्चा और मां दोनों स्वस्थ थे। टांके से ब्लीडिंग होने पर सोनोग्राफी की गई। जांच में पता चला कि यूट्रस ढीली हो गई है। पेट में खून जम गया है। जान बचाने के लिए दोबारा ऑपरेशन कर यूट्रस रिमूव किया गया था। उसे ब्लड भी चढ़ाया गया था। यूरिन बंद होने के कारण महिला को रेफर किया गया था।
………………………………
इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
सूरजपुर जिला अस्पताल में गर्भवती मां-बच्चे की मौत: तड़पती रही महिला, डॉक्टर-नर्स देखने नहीं आए, डेथ के बाद किया रेफर, जेडी ने कहा- जांच कराएंगे

प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला साढ़े तीन घंटे तक बिना इलाज के पड़ी रही।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला अस्पताल में प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला साढ़े तीन घंटे तक बिना इलाज के पड़ी रही। उसे देखने न तो डॉक्टर पहुंचे और न ही नर्स। रात ढाई बजे जब उसकी सांसें थम गई तो डॉक्टरों ने उसे आनन-फानन में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने मां-बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पढ़ें पूरी खबर
<
