![]()
सूरजपुर जिले की नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में होने वाले शपथग्रहण समारोह को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। कांग्रेस ने आमंत्रण पत्र में अपने वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए मुख्य समारोह का बहिष्कार करने और अलग से शपथग्रहण कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। नगर पंचायत शिवनंदनपुर के चुनाव में अध्यक्ष पद सहित भाजपा के 7 पार्षद निर्वाचित हुए हैं, जबकि कांग्रेस के 8 पार्षदों ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस का आरोप है कि शपथग्रहण समारोह के आमंत्रण पत्र में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को उचित स्थान नहीं दिया गया, जिससे उनकी अनदेखी हुई है। मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और अलग से शपथग्रहण कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संजय डोसी ने कहा कि 8 निर्वाचित कांग्रेस पार्षद होने के बावजूद पार्टी के किसी प्रमुख नेता का नाम आमंत्रण पत्र में शामिल नहीं किया गया है। इसी के विरोध में कांग्रेस पार्षद अलग से शपथ लेंगे। भाजपा ने आरोपों को बताया बेबुनियाद भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज कर दिया है। भाजपा का कहना है कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई मंत्री शामिल होंगे, इसलिए शासकीय प्रोटोकॉल के अनुसार ही आमंत्रण पत्र तैयार किया गया है। “नियमों से चलता है प्रोटोकॉल” भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व पाठ्य-पुस्तक निगम अध्यक्ष भीमसेन गोयल ने कहा कि प्रोटोकॉल निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और सरकारी नियमों के अनुसार तय किया जाता है। उन्होंने कहा कि विरोध करने से नियम नहीं बदलते। कांग्रेस जहां चाहे ले शपथ: गोयल भीमसेन गोयल ने कहा कि कांग्रेस चाहे तो अलग से शपथग्रहण कार्यक्रम कर सकती है, यह उनका निजी निर्णय है। लेकिन सरकारी कार्यक्रम में शासन के निर्देशों और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य है।
<
