![]()
कोंडागांव में छठ महापर्व का शुभारंभ ढलते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। शहर के शिव मंदिर बंधा तालाब में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे, जहां व्रती महिलाओं ने भगवान सूर्य देव और छठी मैया की पूजा-अर्चना की।
.
तालाब परिसर में सुबह से ही पर्व की तैयारियां चल रही थी। श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ फूल, फल, प्रसाद और केले के डाले लेकर पहुंचे। सूर्यास्त के समय ढोल-नगाड़ों और भजनों की ध्वनि से वातावरण भक्तिमय हो गया। तालाब के चारों ओर जलते दीपों ने दृश्य को आकर्षक बना दिया।
श्रद्धालुओं ने दिया सूर्य देव को अर्घ्य
व्रती महिलाओं ने सिर पर पूजन सामग्री का डाला लिए जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए थे।
छठ पर्व का समापन कल सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इस अवसर पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उपस्थित होने की उम्मीद है।
<
