मंडी परिसर में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला:पेट, जांघ समेत 4-5 जगह किए वार; भाई को लेकर शुरू हुआ विवाद

![]()
कोंडागांव के मंडी परिसर स्थित शिव मंदिर के पास शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में शीतलापारा निवासी शक्ति कोर्राम (19) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। घायल शक्ति कोर्राम ने बताया कि वह हमाली मजदूरी करता है। उसके मुताबिक कुछ युवकों ने रात में फोन कर उसे मंडी परिसर बुलाया। वहां पहले उसके साथ मारपीट की गई, फिर पेट, जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से कई वार किए गए। रेहान और टीकम पर लगाए आरोप शक्ति का आरोप है कि रेहान ने उस पर चाकू से हमला किया, जबकि टीकम ने डंडे से मारपीट की। उसने कहा कि मौके पर मौजूद अन्य युवक भी मारपीट में शामिल थे और ज्यादातर ने शराब पी रखी थी। भाई को लेकर शुरू हुआ विवाद शक्ति ने बताया कि विवाद उसके परिचित और भाई बाबा को लेकर शुरू हुआ था। कुछ युवक उसके भाई को निशाना बना रहे थे। जब उसने इसका कारण पूछा तो उसे बार-बार फोन कर मौके पर बुलाया गया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और हमला कर दिया गया। भाई ने भी लगाए गंभीर आरोप घायल के भाई संजू कोर्राम ने बताया कि रात करीब 12 बजे शक्ति को फोन कर बुलाया गया था। शक्ति ने कहा था कि अगर कोई विवाद है तो सुबह बैठकर बात करेंगे, लेकिन आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद टीकम, रेहान खान और अन्य युवकों ने मिलकर हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। डॉक्टर बोले- पेट का घाव सबसे गंभीर जिला अस्पताल के डॉक्टर डॉ. प्रशांत मेहता ने बताया कि घायल को रात करीब 1:30 बजे अस्पताल लाया गया। उसके शरीर पर 4 से 5 जगह चाकू के घाव हैं। पेट का घाव सबसे गंभीर है, जिसकी गहराई करीब 1 से 2 इंच है। पैर और जांघ में भी चोटें हैं। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।
Source link




