राजनांदगांव में सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2025 का शुक्रवार को छठवां दिन रहा। दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप में देश-विदेश की टीमों के बीच रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए।
.
डीपीएस के अध्यक्ष सौरभ कोठारी और सुनील जैन ने खिलाड़ियों को लगन से खेलने की सलाह दी, ताकि वे अपने खेल में और निखार ला सकें। सेमीफाइनल मुकाबलों के परिणाम इस प्रकार रहे: सेंट्रल एकेडमी, राजस्थान ने जीईएमएस न्यू मिलेनियम स्कूल को 48-6 से हराया।
आर.एल.एस. गुरुकुलम ने सनबीम सनसिटी पर 51-26 से जीत दर्ज की। वेलामल इंटरनेशनल स्कूल ने ए.के.एम. केरला पब्लिक स्कूल को 47-31 के अंतर से पराजित किया।

सबसे रोमांचक मुकाबला नेहरू वर्ल्ड स्कूल गाजियाबाद और सी.आर.एम. सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोनीपत के बीच हुआ, जिसमें नेहरू वर्ल्ड स्कूल ने 76-75 से करीबी जीत हासिल की।
डीपीएस बेंगलुरु ने क्राइस्ट सेकेंडरी स्कूल, गुणा को 45-43 से हराया, जबकि द मान स्कूल, दिल्ली ने सिल्वर हिल पब्लिक स्कूल को 63-22 से मात दी।
निर्णायकों ने इस वर्ष की चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के उच्च स्तरीय प्रदर्शन की सराहना की। शाला की प्राचार्या निर्मला सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का उत्सव है।
उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव द्वारा इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी पर गर्व व्यक्त किया।
प्राचार्या ने देश-विदेश से आए प्रतिभागियों के जुनून और खेल भावना को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने सभी टीमों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए आगामी फाइनल मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

<
