द ब्लेज ई न्यूज,जशपुरनगर। म्यूल बैंक एकाउंट अर्थात वह बैंक एकाउंट जिसका दुरूपयोग आनलाइन ठगी के लिए किया जाता है पर जशपुर पुलिस ने एक और करारा प्रहार किया है। पुलिस ने महिला व्यवसायी को झांसा देकर बैंक एकांउट का दुरूपयोग करने के मामले में आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि साइबर सेल ने जशपुर जिले में आनलाइन ठगी के लिए इस्तेमाल की जा रही एक बैंक अकाउंट का पता किया था। इस मामले की जांच की गई तो पता चला कि उक्ब बैंक एकाउंट रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला व्यवसायी का है,जो कंप्यूटर सेंटर का संचालन करती है। पूछताछ करने पर महिला ने पुलिस को बताया कि उक्त बैंक खाता पत्थलगांव के एचडीएफसी बैंक का है। दिसंबर 2024 में कोरबा जिले रामपुर निवासी फिरोज खान उसकी दुकान में अक्सर आया करता था। इससे उसका परिचय हो गया। एक दिन आरोपी फिरोज ने अपने बैंक एकाउंट के होल्ड हो जाने और विभाग से पैसे आने का झांसा देते हुए महिला से बैंक डिटेल और खाता से लिंक मोबाइल नंबर का सीम ले लिया। महिला के अनुसार जब उसने आरोपी से सीम वापस मांगा तो उसने सीम गुम हो जाना का बहाना बना दिया। महिला व्यवसायी ने गुम सीम का नया सीम निकाल कर जब अपना बैंक खाता की जानकारी निकाली तो उसे पता चला कि आरोपी ने 2 लाख 91 हजार 500 रूपये का ट्रांजेक्शन किया है। वहीं जब पुलिस ने इस संदिग्ध खाते की जांच की तो इससे देश के अलग-अलग हिस्से से 40 लाख रूपये ट्रांजेक्शन होने की जानकारी मिली। इस पर कार्रवाई करते हुए जशपुर पुलिस ने आरोपी फिरोज खान के विरूद्व बी एन एस की धारा 317(2)(4),318(4),61(2) के अंर्तगत अपराध पंजिबद्व कर खोजबीन शुरू की। मुखबीर और टेक्निकल टीम के सहयोग से जशपुर पुलिस की टीम ने आरोपी फिरोज खान को रायपुर में ट्रेक कर गिरफ्तार कर लिया है।
जिले में पहले भी हो चुकी है कार्रवाई-
म्यूल एकाउंट के मामले में जशपुर पुलिस पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि इस मामले से पहले जशपुर पुलिस ने कुनकुरी,जशपुर और दुलदुला थाना क्षेत्र में म्यूल खाता धारकों के खिलाफ कार्रवाई की है। एसएसपी सिंह का कहना है कि पूछताछ में आरोपी फिरोज खान ने कुछ महत्वपूर्ण नाम उगले हैं। अब इन पर पुलिस कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
आप भी हो जाएं सावधान –
आन लाइन ठगी पर शिकंजा कसने इन दिनों पूरे देश में म्यूल एकाउंट पर कार्रवाई हो रही है। इससे शातिर ठगों ने भी अपनी कार्यशैली में बदलाव किया है। शातिर ठग अब किसी ना किसी बहाने आम लोगों के बैंक डिटैल लेकर उसका अवैध ट्रांजेक्शन में दुरूपयोग कर रहे हैं। इससे बचने के लिए जरूरी है कि आप किसी भी अंजाने व्यक्ति को अपने बैंक खाता का उपयोग ना करने दे और ना ही अपने बैंक खाते की जानकारी शेयर करें। आपके बैंक खाते का दुरूपयोग होने पर आप भी कानूनी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं।
वर्जन –
‘‘म्यूल अकाउंट व साइबर ठगी के एक आरोपी को रायपुर से पकड़कर, गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, आरोपी से पूछताछ में कुछ और भी नामों का खुलासा हुआ है, ठगी की अगली कड़ी की तरफ पुलिस की विवेचना जारी है, आने वाले दिनों में मामले से जुड़े,और लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।’’
शशि मोहन सिंह,एसएसपी,जशपुर।
