![]()
.
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से इंटर कॉलेज इंटर सेक्टर राज्य स्तरीय फुटबॉल स्पर्धा का आयोजन भिलाई के हॉस्पिटल सेक्टर मैदान में किया गया। दूसरे दिन तीन मैच खेले गए। पहले मैच में सरगुजा ने रायपुर को 1-0 से और दूसरे मैच में बस्तर ने राजनांदगांव सेक्टर को 2-1 से पराजित किया। दिन के तीसरे मैच का फैसला पेनल्टी स्ट्रोक से हुआ। इसमें बिलासपुर सेक्टर ने कोरबा सेक्टर को 3-2 से पराजित किया।
सेमीफाइनल और फाइनल मैच गुरुवार को खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से राज्य में संचालित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय अंबिकापुर-सरगुजा, शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर, शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ की टीमें बनाई जाएंगी।
यह टीमें आने वाले दिनों में होने वाली ईस्ट जोन और अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीन स्पर्धा में अपने-अपने विश्वविद्यालयों का प्रतिनिधित्व करेगी। इससे पहले सभी विश्वविद्यालयों से संबद्ध महाविद्यालयों के बीच अंतर महाविद्यालयीन स्पर्धा आयोजित की गई थी। उसमें बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कर सेक्टर स्तरीय टीम बनाई गई। दिन का दूसरा मैच राजनांदगांव और बस्तर के बीच खेला गया। मैच के दूसरे ही मिनट में बस्तर के खिलाड़ी ने शानदार मैदानी गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इससे राजनांदगांव की टीम दबाव में आ गई। पहले हाफ में बस्तर 1-0 की बढ़त बनाए रखी। दूसरे हाफ में 75वें मिनट में बस्तर के खिलाड़ियों ने शानदार मूव बनाकर दूसरा गोल किया। इस तरह बस्तर ने 2-0 की बढ़त बना ली। इसके ठीक चार मिनट बाद राजनांदगांव की टीम को एक मौका मिला। इसे वह गोल में बदलने में सफल रही। इस तरह मैच का फैसला 2-1 से हुआ।
तीसरा मैच कोरबा और बिलासपुर सेक्टर के बीच खेला गया। मैच 0-0 की बराबरी पर खत्म हुआ। इसकी वजह से इसका फैसला पेनल्टी स्ट्रोक में हुआ। इसमें बिलासपुर सेक्टर की टीम ने कोरबा की टीम को 3-2 से पराजित किया। इससे पहले दिन का पहला मैच सरगुजा व रायपुर के बीच सरगुजा ने 1-0 से बढ़त हासिल की।
<
