बीजापुर केपीड़िया गांव में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) की चपेट में आने से एक आदिवासी बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना गुरुवार (9 अक्टूबर) दोपहर की है। मामला गंगालूर थाना क्षेत्र का है।
.
बालक गांव के पास जंगल के रास्ते से गुजर रहा था, तभी उसका पैर जमीन में छिपाए गए प्रेशर IED पर पड़ गया। धमाके से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर सीआरपीएफ की 199 और 85वीं बटालियन के जवान मौके पर पहुंचे। जवानों ने घायल बालक को तुरंत कैंप लाकर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बीजापुर भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

केपीड़िया गांव में नक्सलियों ने लगाया था IED
लंबे समय से नक्सल गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्र
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, यह क्षेत्र लंबे समय से नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहा है। बारूदी सुरंगों और IED विस्फोटों के कारण आम नागरिकों की जान लगातार खतरे में रहती है। पिछले कुछ महीनों में ऐसे कई हादसे हुए हैं, जिनमें ग्रामीणों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
आदिवासी समुदाय में आक्रोश
इस घटना से स्थानीय आदिवासी समुदाय में नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से माओवादी हिंसा पर रोक लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, ताकि इलाके को सुरक्षित किया जा सके और नक्सलियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।
<
