द ब्लेज ई न्यूज,जशपुरनगर। सवा क्विंटल गांजा के साथ जशपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामला जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र का है। कुनकुरी के थाना प्रभारी सुनिल सिंह ने बताया कि रविवार 2 फरवरी को कुनकुरी पुलिस कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक को जवानांे ने रोका। इस बाइक के पीछे में एक कंबल में लपेटा हुआ बड़ा बंडल बंधा हुआ था। जांच के दौरान पुलिस को संदेह होने पर जब बंडल को खुलवा कर जांच किया तो उसमें प्लास्टिक के पैकेट में बंधे हुए गांजा जब्त किया गया।

बाइक चालक ने पूछताछ में बताया कि उसका एक और साथी दूसरी बाइक में गांजा लेकर नारायणपुर थाना की ओर गया है। सूचना पर नारायणपुर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान बनकोम्बो की ओर से आ रहे बाइक को पुलिस के जवानों ने रूकने का संकेत किया। पुलिस को देख कर बाइक चालक ने भागने का प्रयास किया। लेकिन जवानों ने उसे दौड़ा कर पकड़ किया। थाना प्रभारी सिंह ने बताया कि कुनकुरी और नारायणपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 126 किलो गांजा जब्त किया गया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान मध्यप्रदेश के भोपाल जिला के बरेसिया थाना क्षेत्र के इमालिया स्वरूप निवासी जितेंद्र सिंह 34 वर्ष और देवास जिले के हरणगांव थाना क्षेत्र निवासी भवानी पवार 26 वर्ष के रूप में की गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि गांजा सहित मादक पदार्थो की तस्करी के विरूद्व जशपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे दबाव में आकर तस्कर अब अपनी कार्यशैली में बदलाव कर रहें हैं। उन्होनें बताया कि गांजा तस्कर अब तस्करी में चार पहिया वाहन की जगह दो पहिया वाहनों का प्रयोग कर रहें हैं। लेकिन जशपुर पुलिस तस्करों के इस पैंतरे को भी विफल करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।