मनेन्द्रगढ़ में बंगाली परंपरा से दुर्गा पूजा
एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण में नवरात्र के अवसर पर “बंग महिला समिति” द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
.
समिति ने शंख बजाओ प्रतियोगिता, उल्लू ध्वनि प्रतियोगिता, धुनुची नृत्य प्रतियोगिता, भजन गायन प्रतियोगिता, बच्चों की नृत्य प्रतियोगिता और ड्राइंग प्रतियोगिता सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में ज्योति मजूमदार और अनिमा घोषाल की प्रमुख भूमिका रही।

बंगाली परंपरा से सजते हैं मनेन्द्रगढ़ के चार दुर्गा पंडाल
समिति की सदस्य ज्योति मजूमदार ने बताया कि मनेन्द्रगढ़ में चार ऐसे माता रानी के पंडाल हैं, जहां बंगाली परंपरा के अनुसार पूजा की जाती है। इनमें रेलवे इंस्टीट्यूट, श्रीराम मंदिर प्रांगण, सरोवर मार्ग और आमाखेरवा पंडाल शामिल हैं। इन पंडालों में अलग-अलग समितियों द्वारा पूजा-पाठ और सांस्कृतिक आयोजन किए जाते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि बंग समाज में उल्लू ध्वनि का विशेष महत्व होता है, जिसके कारण इस प्रतियोगिता को शामिल किया गया था। ये प्रतियोगिताएं विशेष रूप से दुर्गा अष्टमी और महानवमी के दिन आयोजित की जाती हैं।
<
