![]()
रायपुर में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है, जहां थार सवार तीन बदमाशों ने एक कारोबारी के साथ मारपीट कर उससे 1 लाख रुपए लूट लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित कारोबारी का नाम पुलिस द्वारा जफर इकबाल बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला आमानाका पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पंडरी के ताज नगर मस्जिद के पास रहने वाले 40 वर्षीय जफर इकबाल होम डेकोर का काम करते हैं और उनकी दुकान मोवा में है। 20 अप्रैल की दोपहर करीब 2:45 बजे वे अपनी बाइक से टाटीबंध से कुम्हारी की ओर जा रहे थे। उन्हें अपने दोस्त को 1.50 लाख रुपए देने थे, जो उन्होंने एक काले बैग में रखे थे। चंदनडीह के पास पुल पर जाम लगने के कारण वे नीचे के रास्ते से जा रहे थे। इसी दौरान दुर्गा मंच के पास पानी पीने के लिए रुके, तभी करीब 3 बजे एक काले रंग की थार (CG-07-CS-7739) में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। इनमें से एक युवक नीचे उतरा और जफर का बैग छीनने लगा। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और बैग गाड़ी में डाल दिया। कुछ देर बाद आरोपियों ने बैग वापस फेंक दिया, लेकिन उसमें केवल 50 हजार रुपए ही थे। बाकी 1 लाख रुपए बदमाश लूटकर फरार हो गए। जफर ने उनका पीछा करते हुए परसदा रोड स्थित कैवल्य धाम मंदिर तक पहुंचा, लेकिन आरोपी वहां से भी भाग निकले। घटना में जफर के हाथ और सीने में चोटें आई हैं। फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना की जानकारी होने पर आमानाका और एसीसीयू की टीम ने जांच शुरु कर दी है। पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त करने में जुटी है। पुलिस ने पीड़ित का बयान भी पूरे मामले में लिया है और आस पास के लोगों से पूछताछ कर रहे है। पुलिस का दावा है, कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
<
