कोंडागांव जिले के दूरस्थ ग्राम जुगानी कलार में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन गया है। यह केंद्र केवल उपचार ही नहीं, बल्कि हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य के अधिकार को पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है।
.
केंद्र में 12 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। इनमें टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच, रोग निदान और परामर्श सेवाएं प्रमुख हैं। मंगलवार और शुक्रवार को नियमित रूप से वीएचएनडी (स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस) आयोजित होता है।
जुगानी कलार आरोग्य मंदिर के अंतर्गत चार पंचायतें आती हैं, जिनमें जुगानी कलार, भानपुरी, चुरे गांव और सिरपुर शामिल हैं। इन पंचायतों की कुल जनसंख्या लगभग 5742 है।

गैर-संक्रामक बीमारियों का भी इलाज होता है
इसके अलावा, प्रसव सुविधा, नवजात और किशोरी स्वास्थ्य सेवाएं, टीबी और उच्च रक्तचाप जैसी गैर-संक्रामक बीमारियों का उपचार भी यहां किया जाता है। विवाह पंजीयन, गर्भवती पंजीयन, जन्म पंजीयन और समूह भोजन जैसी कई सरकारी योजनाएं भी यहां सक्रिय रूप से संचालित की जाती हैं।
गांवों में स्वास्थ्य सुरक्षा की एक नई नींव
यहां कार्यरत स्टाफ सीमित संसाधनों के बावजूद हर मरीज को बेहतर सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है। वे समय-समय पर क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करते हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से इन कर्मचारियों ने गांवों में स्वास्थ्य सुरक्षा की एक नई नींव रखी है।
इस प्रकार, जुगानी कलार का यह आरोग्य मंदिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पण और संवेदनशीलता का प्रतीक बन गया है।

24 घंटे खुला रहता है
यह आरोग्य मंदिर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित है। यहां सीएचओ मंजू रानी सोरी, आरएचओ (महिला) प्रतिमा पोयाम और आरएचओ (पुरुष) लिकेश कुमार साहू अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। ये तीनों स्वास्थ्यकर्मी अपनी सेवाओं से ग्रामीणों का विश्वास जीत चुके हैं और कठिन परिस्थितियों में भी 24 घंटे उपलब्ध रहते हैं।
<
