कोरबा जिले में एक बुजुर्ग अलाव तापते समय आग में गिरकर गंभीर रूप से झुलस गया। 55 वर्षीय सहेतर सिंह 90 प्रतिशत जल गए हैं, उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है। यह घटना हरदी बाजार नेवसा सुपेतपारा बस्ती की है।
.
जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात सहेतर सिंह अपने घर के पीछे आंगन में रखी फसल की खरही (पुआल) की रखवाली कर रहे थे। ठंड से बचने के लिए उन्होंने खरही के पास लकड़ी का अलाव जलाया था और वहीं सो गए। देर रात अचानक वह अलाव की आग में गिर गए।
चीख-पुकार सुनकर उनके बेटे और बहू घर से बाहर निकले। उन्होंने तत्काल बुजुर्ग को जिला मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि सहेतर सिंह 90 प्रतिशत झुलस गए हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर है।

बच्चों-बुजुर्गों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील
उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। जिला मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर आदित्य सिसोदिया ने ठंड के मौसम में ऐसी घटनाओं के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बंद कमरे में अलाव नहीं जलाना चाहिए, क्योंकि उससे निकलने वाली गैस खतरनाक हो सकती है और जानलेवा भी साबित हो सकती है। उन्होंने छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
<
