![]()
बीजापुर प्राथमिक शाला मंजारपारा पालनार के प्रधान अध्यापक राजू पुजारी की मृत्यु से जुड़े मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में है। बुधवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि वे इस मामले को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष उठाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। राजू पुजारी की मृत्यु के बाद दर्ज प्रकरण में नामजद आरोपी छविनाथ डोंगरे और शैलेष वासम अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। न्यायालय के निर्देश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ उद्घोषणा की कार्रवाई करते हुए नोटिस चस्पा किया गया था। साथ ही निर्धारित समय में उपस्थित नहीं होने पर संपत्ति कुर्क करने की चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। तेलंगा समाज लगातार कर रहा मांग तेलंगा एवं तेलगा समाज समिति लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और विभागीय कार्रवाई की मांग कर रही है। हाल ही में समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कहा कि कई माह बीत जाने के बाद भी आरोपी कानून की पकड़ से बाहर हैं, जिससे समाज और आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। समिति का आरोप है कि दोनों आरोपी अपने परिचितों और विभागीय संपर्कों के बीच सक्रिय हैं, फिर भी उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। इससे जांच और कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। सेवा समाप्ति की भी उठी मांग समाज समिति ने ज्ञापन में यह भी मांग की है कि लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित चल रहे दोनों आरोपियों के खिलाफ विभागीय जांच कर सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू की जाए। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन, धरना और नाकेबंदी जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। प्रशासन ने कहा- तलाश जारी वहीं, बीजापुर कलेक्टर ने कहा है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। प्रशासन का दावा है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
<
