अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की रामानुजगंज इकाई ने लरंगसाय महाविद्यालय में व्याप्त समस्याओं को लेकर आज महाविद्यालय का घेराव किया। छात्रों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
.
प्रदर्शन के दौरान, छात्रों ने प्राचार्य को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। विद्यार्थी परिषद के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा।

महाविद्यालय में प्राध्यापकों की कमी से छात्र परेशान
अभाविप महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष अर्चित ठाकुर ने बताया कि महाविद्यालय में कई संकायों में लंबे समय से प्राध्यापकों की नियुक्ति नहीं हुई है। इससे छात्र-छात्राएं नियमित अध्ययन से वंचित हैं और परीक्षा नजदीक होने के कारण उनका भविष्य अधर में लटका है। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में भी प्राचार्य को ज्ञापन देकर इन समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विकाश महतो ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रों में भारी आक्रोश है और यदि समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन को और तेज करेगी।

इस अवसर पर अभाविप नगर मंत्री परमानंद कुशवाहा, नगर सह मंत्री सत्यम, श्रेया ठाकुर, महाविद्यालय उपाध्यक्ष प्रमोद पूरी, कपिल, चंदन, नीतू, रजनी, किंकर, निरपेन, सलोनी, मृदुला, अंकिता सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
छात्रों के इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन ने प्रशासन को शिक्षा व्यवस्था की अनदेखी के प्रति एक बार फिर चेताया है। अभाविप ने मांग की है कि जल्द से जल्द प्राध्यापकों की नियुक्ति कर छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।
<
