![]()
कोरबा जिले के बांकी मोंगरा SECL क्षेत्र के वार्ड-56 रोहिना बस्ती में 16 साल की लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर गांव का युवक नाबालिग के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर युवक ने कथित रूप से सार्वजनिक रूप से उसके बाल पकड़कर थप्पड़ मार दिया। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद युवक वहां से चला गया।रिश्तेदारों का कहना है कि इस घटना से शारदा काफी आहत थी। कुछ समय बाद वह अपने घर में मृत अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर एएसआई नंदलाल टंडन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रात अधिक होने के कारण शव को SECL अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया। नाबालिग की मां राज्य से बाहर मजदूरी करती हैं। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से नाबालिग का मोबाइल जब्त किया गया है। कॉल डिटेल, चैट और घटना से पहले की गतिविधियों की जांच की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं। पिता की हो चुकी है मौत बता दें कि नाबालिग के पिता की 2021 में मौत हो चुकी है। ऐसे में परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। मां मजदूरी के लिए राज्य से बाहर रहती हैं। शारदा अपने भाई के साथ बुआ और नानी के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी, जबकि उसकी बड़ी बहन नाना-नानी के साथ रहती है। बुआ ने लगाया परेशान करने का आरोप नाबालिग बुआ सरिता महंत ने आरोप लगाया है कि युवक शारदा को लंबे समय से परेशान करता था। उनका कहना है कि हाल की घटना के बाद शारदा मानसिक रूप से काफी परेशान थी। आरोपी की तलाश जारी पुलिस का कहना है कि नाबालिग और आरोपी युवक के बीच क्या संबंध था, विवाद की असली वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोरेंसिक जांच और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी युवक फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
<
