![]()
दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में शराब पीने की बात पर दो दिन पहले हुए झगड़े का बदला आरोपी ने लोहे के फावड़े से लिया। आरोपी ने युवक के सिर पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाई और उसे छत से धक्का देने की कोशिश भी की। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई। पुलिस ने घट
.
दरअसल, देवेंद्र कुमार यादव (27) इंदिरा नगर उतई में रहता है। जो कि पेशे से मजदूर है। 30 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे वह इंदिरा नगर चौक स्थित दुर्गा पंडाल में प्रसाद बांट रहा था। इसी दौरान शौच के लिए पास ही स्थित कुंदन साहू की बिल्डिंग की छत पर गया।
तभी पीछे से आरोपी लेखराम कुर्रे (40) वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी और कहा आज तुझे जान से खत्म कर दूंगा। इसके बाद उसने हाथ में लिए लोहे के फावड़े से देवेंद्र के सिर पर वार कर दिया।
छत से धक्का देने की कोशिश
हमले के बाद देवेंद्र के सिर से खून बहने लगा। घायल हालत में वह छत से नीचे उतरने की कोशिश करने लगा। तभी आरोपी ने उसे पीछे से पकड़कर नीचे फेंकने की कोशिश की। किसी तरह देवेंद्र अपनी जान बचाकर चिल्लाते हुए दुर्गा पंडाल की ओर भागा। पंडाल में मौजूद लोगों और उसके भाई ने उसे संभाला और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
दो दिन पहले हुआ था विवाद
जांच में सामने आया कि घटना से दो दिन पहले देवेंद्र और लेखराम के बीच शराब पीने की बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने यह हमला किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार
इस बीच सूचना मिली कि आरोपी डूमरडीह में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त खून से सना लोहे का फावड़ा और कपड़े जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3), 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घायल देवेंद्र यादव की हालत सामान्य बताई जा रही है। हालांकि, उसका इलाज जारी है।
<
