Uncategorized

कोरिया में पिकअप-ऑटो टक्कर, 3 महिलाओं की मौत; 12 घायल, 4 गंभीर

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पिकअप और ऑटो की टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑटो सवार 3 महिलाओं की मौत हो गई और 12 अन्य महिलाएं घायल हो गई हैं। घटना पटना थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक छिंदिया गांव की महिलाएं दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने बिलारो गांव गई थीं। शुक्रवार देर शाम वे ऑटो में सवार होकर लौट रही थीं। ऑटो में 15 महिलाएं सवार थीं।

शाम करीब 8 बजे ऑटो सावारांवा के पास पहुंची। इसी दौरान ऑटो को बैकुंठपुर की ओर से जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार कुछ महिलाएं उछलकर सड़क पर गिर गईं।

हादसे में 3 महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50), रामबाई पति रामकुमार (60) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60) शामिल हैं।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद बैकुंठपुर रेफर कर दिया गया है।

घायल महिलाओं को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप का चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पिकअप की तलाश की जा रही है। मार्ग में लगे सीसीटीवी के फुटेज की भी जांच की जाएगी।

इससे पहले छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में फ्रेंडशिप-डे के दिन हुए एक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह घटना रविवार शाम करीब 4:30 बजे बालोद शहर से लगभग 3 किलोमीटर दूर दल्लीराजहरा मार्ग पर गोंदली नहर के आगे हुई थी। उस हादसे में ट्रक ने बाइक को 200 मीटर घसीटा था और पॉलीथिन से शव उठाना पड़ा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button