तेंदुआ पंचायत के अवरापारा स्कूल की 200 मीटर सड़क हुई बदहाल

भास्कर न्यूज | पटना माध्यमिक शाला अवरापारा तक पहुंचने वाली करीब 200 मीटर सड़क की बदहाली के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को वर्षों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर कीचड़ और पानी भरा होने के कारण बच्चे बड़ी मुश्किल से रास्ता पार कर ध्वजारोहण कार्यक्रम में पहुंचे। स्थिति यह है कि दोपहिया वाहन भी स्कूल तक नहीं पहुंच पाते। विद्यालय में वर्तमान में 24 बच्चे अध्ययनरत हैं और पांच स्टाफ सदस्य पदस्थ हैं, जिनमें तीन महिला शिक्षक हैं। स्कूल जाने के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों को मुख्य सड़क से करीब 200 मीटर पहले ही वाहन खड़ा करना पड़ता है। इसके बाद वे जूते-चप्पल हाथ में लेकर कीचड़ भरे रास्ते से गुजरते हैं और स्कूल पहुंचने से पहले हाथ-पैर धोकर ही कक्षा में प्रवेश करते हैं। बारिश के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। प्रधान पाठक अशोक सिंह ने बताया समस्या को लेकर सरपंच और जनपद सदस्य को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद करीब 200 मीटर सड़क का सुधार नहीं हो पाना समझ से परे है। पांच ट्रिप मुरुम डाला था ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय पहले सड़क की बदहाली को लेकर दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित हुई थी। इसके बाद सड़क पर करीब पांच ट्रिप मुरुम डाला था। ग्रामीणों का आरोप है कि मुरुम डालने के बाद काम पूरा मानकर बिल भी पास हो गया, पर सड़क की वास्तविक स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं हुआ। बारिश आते ही सड़क फिर कीचड़ में तब्दील हो गई।
Source link




