कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख उड़ाने वाला गिरोह पकड़ाया:दुर्ग में होंडा शोरूम कर्मचारी ने की थी रेकी, 5 आरोपी गिरफ्तार; कैश-बाइक जब्त

![]()
दुर्ग पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपए चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का मास्टरमाइंड उसी होंडा शोरूम का कर्मचारी निकला, जहां व्यापारी अपनी कार खड़ी करता था। आरोपी ने पहले व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी और फिर साथियों के साथ मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों में कुंद्रापारा निवासी 23 वर्षीय भुवनेश्वर डहरिया, 22 वर्षीय संजय साहू, रूआबांधा निवासी 28 वर्षीय जितेंद्र कुमार साहू, कोलियाहापुरी निवासी 20 वर्षीय सपना राजपूत और कुंद्रापारा निवासी 48 वर्षीय संतोष जोशी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.57 लाख रुपए नकद, दो पल्सर बाइक और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। बाकी रकम की तलाश और मामले की आगे जांच जारी है। अब जानिए पूरा मामला पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को मुक्त नगर निवासी व्यापारी प्रमोद महेश्वरी करीब 4.90 लाख रुपए लेकर अपनी मारुति स्विफ्ट कार से निकले थे। उन्होंने पैसे एक काले बैग में रखे थे। वे पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम के सामने कार खड़ी कर किसी काम से चले गए। कुछ समय बाद वापस लौटे तो कार के आगे बाईं तरफ का शीशा टूटा हुआ मिला और अंदर रखा पैसों से भरा बैग गायब था। इसके बाद उन्होंने पुलगांव थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पांच किलोमीटर के दायरे में सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू और पुलगांव थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने पीड़ित के घर से लेकर घटनास्थल और आसपास करीब पांच किलोमीटर के दायरे में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी जांच, मुखबिरों से मिली जानकारी और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी जांच की गई। होंडा शो रूम में काम करने वाले कर्मचारी ही शामिल जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उत्सव होंडा शोरूम में काम करने वाला भुवनेश्वर डहरिया इस चोरी का मुख्य आरोपी है। पूछताछ में सामने आया कि उसकी सहकर्मी सपना राजपूत के जरिए उसे व्यापारी की गतिविधियों की जानकारी मिलती थी। आरोपी को पहले से पता था कि प्रमोद महेश्वरी अक्सर बड़ी रकम लेकर आते हैं और कार वहीं खड़ी करते हैं। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने पहले रेकी की और फिर मौका मिलते ही कार का शीशा तोड़कर कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस ने डेढ़ लाख रुपए किया बरामद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 1.57 लाख रुपए बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई दो पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि चोरी की बाकी रकम की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का इस तरह की अन्य घटनाओं से कोई संबंध तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि गिरोह ने पूरी वारदात पहले से बनाई गई योजना के तहत की थी और आने-जाने के लिए अलग-अलग दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
Source link




