भाजपाईयों से जुड़े मामलो में कार्रवाई नहीं,आईजी को सौंपा ज्ञापन:सरगुजा कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग, कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस दिखाएगी काले झंडे

![]()
सरगुजा में भाजपा नेताओं से जुड़े कथित भ्रष्टाचार, मारपीट और जमीन घोटाले के मामलों में कार्रवाई न होने को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर सरगुजा आईजी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने आईजी से मिलकर पहले सौंपे गए ज्ञापनों पर हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी। सरगुजा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा से मुलाकात कर भाजपा नेताओं से जुड़े कथित मामलों में पुलिस कार्रवाई की प्रगति पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद और पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिन्हा भी शामिल रहे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कलाकेंद्र मैदान आबंटन में कथित रिश्वतखोरी से जुड़े वायरल ऑडियो, सीतापुर में विधायक द्वारा राजस्व अधिकारी से मारपीट तथा भिट्ठीकला में एक विधवा महिला के साथ जमीन खरीद में कथित धोखाधड़ी के मामलों में प्रभावशाली लोगों के खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कार्रवाई नहीं हुई तो काले झंडे दिखाएगी कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इन मामलों को लेकर पहले भी थाना स्तर से लेकर उच्च पुलिस अधिकारियों तक ज्ञापन सौंपे गए थे। 6 जुलाई को न्याय रैली निकालकर आईजी को साक्ष्यों के साथ लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन दो सप्ताह बाद भी कार्रवाई स्पष्ट नहीं होने पर प्रतिनिधिमंडल ने दोबारा मुलाकात की। कांग्रेस के अनुसार आईजी दीपक झा ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि मामलों में कार्रवाई जारी है और जल्द ही परिणाम सामने आएंगे। जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि यदि कार्रवाई संतोषजनक नहीं हुई तो कांग्रेस सरगुजा में मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान काला झंडा दिखाकर विरोध प्रदर्शन करेगी। फिलहाल पुलिस ने इनमें से किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की है।
Source link




