रायपुर में युवक-युवती और पुनर्विवाह परिचय सम्मेलन होगा आयोजन:समग्र ब्राह्मण परिषद की बैठक में फैसला, पर्यावरण और धार्मिक आयोजनों की भी बनी रूपरेखा

![]()
समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की रायपुर इकाई की बैठक रविवार को पुरानी बस्ती स्थित श्री महामाया देवी मंदिर परिसर में हुई। बैठक में संगठन की सामाजिक, धार्मिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी आगामी गतिविधियों पर चर्चा हुई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी और प्रदेशभर में संगठन की गतिविधियों को विस्तार देने की रणनीति तय की गई। बैठक का सबसे बड़ा फैसला दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 में प्रांत स्तरीय समग्र ब्राह्मण युवक-युवती एवं पुनर्विवाह परिचय सम्मेलन आयोजित करने का रहा। परिषद का कहना है कि सम्मेलन का उद्देश्य योग्य युवक-युवतियों और पुनर्विवाह के इच्छुक लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना, पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। आयोजन की तैयारियों के लिए जल्द ही अलग-अलग समितियों का गठन किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी निर्णय बैठक में पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी निर्णय लिया गया। परिषद के “प्रकृति श्रृंगार” अभियान के तहत 26 जुलाई या 2 अगस्त को रायपुर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई। अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है।
धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा सावन माह के धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई। तय किया गया कि 25 अगस्त को भौम प्रदोष के अवसर पर भगवान एकलिंग जी का विशेष पूजन, रुद्राभिषेक और मांगलिक दोष की शांति के लिए वैदिक अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। परिषद ने इसमें समाज के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रदेश सचिव पं. सजल तिवारी ने बताया कि परिषद समाज में सेवा, संस्कार, संगठन और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। बैठक में युवा और महिला सहभागिता बढ़ाने, सामाजिक सेवा गतिविधियों को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को व्यापक जनसहयोग से सफल बनाने का संकल्प भी लिया गया। बैठक में खुशबू शर्मा, संध्या उपाध्याय, प्रीति तिवारी, विजय पांडेय, श्रीकांत तिवारी, डॉ. भावेश शुक्ला ‘पराशर’ सहित कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
Source link




