जशपुर में स्मार्ट मीटर हटाने कांग्रेस का जनआंदोलन:2 अगस्त से घर-घर भरवाए जाएंगे आवेदन, सरकार पर जबरन मीटर लगाने का आरोप

![]()
जशपुरनगर स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में कांग्रेस ने जिले में जनआंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। पार्टी 2 अगस्त से शहर से लेकर पंचायत स्तर तक घर-घर पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर हटाने के लिए आवेदन भरवाएगी। इसके बाद एकत्रित आवेदनों के साथ विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव कर उन्हें अधिकारियों को सौंपा जाएगा। ‘स्मार्ट मीटर से कई गुना बढ़ रहे बिजली बिल’ जिला कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में जिला उपाध्यक्ष ताहिर अली ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल सामान्य मीटर की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं, जिससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें जनता पर जबरन स्मार्ट मीटर थोप रही हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री के बयान का दिया हवाला ताहिर अली ने कहा कि तत्कालीन केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा था कि उपभोक्ता की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर वापस लिए गए और तमिलनाडु सरकार ने भी इस परियोजना से दूरी बनाई है। बिजली दरों में बढ़ोतरी पर भी साधा निशाना कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में बिजली दरों में 31 प्रतिशत तक वृद्धि की है। साथ ही अधिकारियों पर आरोप लगाया कि बिल सुधार के नाम पर केवल ब्याज माफ किया जा रहा है, जबकि वास्तविक बिजली खपत के आधार पर बिलों की जांच नहीं की जा रही। घर-घर चलेगा अभियान कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 2 अगस्त से कार्यकर्ता हर घर जाकर उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाएंगे। इस अभियान के जरिए पंचायतों से लेकर शहर तक लोगों को जोड़ते हुए स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली दरों में राहत की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। पत्रकारवार्ता में मनोज सागर यादव, तारकेश्वर सिंह, हीरू राम निकुंज, मनमोहन भगत, अमित महतो, सतीश गुप्ता, उर्मिला भगत, रमा ताम्रकार, प्यारी कुजूर, एंजलीना केरकेट्टा, सहास्त्रांशु पाठक, रोशनी कुजूर और देव कृपा यादव सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link




