टॉप न्यूज़

बेटे ने सील-लोढ़ा से पिता पर किया वार, मौत:घरेलू विवाद में जशपुर में हुई घटना, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा




जशपुर के तपकरा थाना क्षेत्र के सिंगीबहार गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक बेटे ने अपने पिता के सिर पर सील-लोढ़ा से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद पिता की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे सूरज सिंह (32) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। हत्या में इस्तेमाल सील-लोढ़ा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक कृष्णा सिंह के भतीजे योगादर सिंह ने 6 अगस्त को घटना की सूचना दी। उन्हें गांव के एक व्यक्ति से पता चला था कि उनके चचेरे भाई सूरज सिंह ने अपने पिता कृष्णा सिंह के साथ मारपीट की है और वे बेहोश पड़े हैं। योगादर तत्काल कृष्णा सिंह के घर पहुंचा, जहां कृष्णा सिंह खटिया पर बेहोश मिले। उनके नाक, मुंह और कान से खून निकल रहा था, और आरोपी सूरज सिंह भी मौके पर मौजूद था। मौत के बाद पुलिस ने शुरू की कार्रवाई परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से कृष्णा सिंह को शासकीय अस्पताल केरसेई पहुंचाया। वहां से उन्हें कुनकुरी अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कृष्णा सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर कुनकुरी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। चूंकि मामला तपकरा थाना क्षेत्र का था, इसलिए मर्ग डायरी तपकरा पुलिस को भेजी गई। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में पिता से विवाद की बात आई सामने पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 अगस्त को आरोपी सूरज सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता झगड़ालू प्रवृत्ति के थे और अक्सर छोटी-छोटी बातों पर घर और बाहर विवाद करते थे। घटना के दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आवेश में आकर सूरज ने घर में रखे सील-लोढ़ा से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। सील-लोढ़ा बरामद; जेल भेजा गया आरोपी पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया सील-लोढ़ा बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पर्याप्त सबूत मिलने और आरोपी के अपराध कबूल करने के बाद सूरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि तपकरा क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल सील-लोढ़ा भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले में मिले सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button