बीज चुनने, खेती की लागत कम करने के उपाय बताए

दाढ़ी| भारतीय किसान संघ की तहसील इकाई दाढ़ी की मासिक बैठक ग्राम पचभईया में हुई। जिला एवं तहसील पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के किसानों ने हिस्सा लिया। करीब तीन घंटे तक किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान आगामी दिनों में पांच प्रमुख मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट घेराव की तैयारी और रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। जिला सहकारिता प्रमुख सुशील जायसवाल ने संगठन के महत्व, विस्तार और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। जिला प्रचार प्रमुख एवं दाढ़ी तहसील प्रभारी कस्तूर साहू ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज का चयन करने और खेती की लागत कम करने के उपाय बताए। तहसील मंत्री जवाहर लाल ने किसानों से कलेक्ट्रेट घेराव में अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। तहसील अध्यक्ष तारकेश्वर चंद्राकर ने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में गन्ना, केला सहित अन्य फसलों के किसानों को कृषि उन्नति योजना के तहत 15 हजार रुपए प्रति एकड़ देने, धान की चौथी किस्त तत्काल जारी करने, खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, धान के एमएसपी के साथ राज्य मूल्य 3100 रुपए और 186 रुपए जोड़कर कुल भुगतान करने तथा बिजली बिलों में बढ़ोतरी एवं कटौती को नियंत्रित कर वापस लेने की मांग शामिल है।
Source link




