Uncategorized

खाद्य पदार्थों की निगरानी पर उठे सवाल, दूसरे राज्यों से आ रहा अमानक पनीर

रायपुर के रास्ते ओडिशा भेजे जा रहे करीब 1600 किलोग्राम पनीर को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अमानक घोषित किया है। यह पनीर मध्यप्रदेश से आ रहा था और लैब जांच में इसमें मिल्क फैट निर्धारित मानक से काफी कम पाया गया, जबकि पानी की मात्रा अधिक मिली। विभाग ने 16 नवंबर को धनेली नाका पर दो अलग-अलग वाहनों से पनीर की यह बड़ी खेप जब्त की थी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 32 पेटियों में लगभग 1600 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया था। इसमें ‘मैजिक मलाई फ्रेश पनीर’ की 14 पेटियां और ‘मिल्की मलाई पनीर’ की 18 पेटियां शामिल थीं। यह खेप मध्यप्रदेश से ओडिशा भेजी जा रही थी, लेकिन रायपुर में इसे रोक लिया गया।

लैब रिपोर्ट के अनुसार, ‘मैजिक मलाई फ्रेश पनीर’ में मिल्क फैट 17.55% और पानी 55.9% दर्ज किया गया। वहीं, ‘मिल्की मलाई पनीर’ में मिल्क फैट 27.2% और पानी 51.5% पाया गया। दोनों ही ब्रांड के पनीर में फैट की मात्रा निर्धारित मानक से काफी कम होने के कारण इन्हें अमानक (सब-स्टैंडर्ड) घोषित किया गया है।

अभिहित अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि दूसरे राज्यों से आने वाले खाद्य पदार्थों में इस तरह की गड़बड़ी मिलने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध है, इसके बावजूद गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं हो रहा है।

पहले दूसरे राज्यों से पनीर की खेप ट्रेन के जरिए रायपुर पहुंचती थी। हालांकि, रेलवे स्टेशन पर अमानक और प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई के बाद कारोबारियों ने अपना रास्ता बदल लिया है। अब वे बड़ी मात्रा में पनीर को सड़क मार्ग से वाहनों के जरिए राजधानी में ला रहे हैं।

विभाग की टीमों द्वारा जनवरी से नवंबर के बीच लगातार कार्रवाई के बावजूद अमानक पनीर की सप्लाई पूरी तरह से रुक नहीं पाई है। इस स्थिति को देखते हुए अब शहर के सभी प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। विभाग निर्माण इकाइयों, बाजार और परिवहन पर लगातार नजर रख रहा है और गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button