गांजा तस्करी का फरार आरोपी यूपी से गिरफ्तार:घेराबंदी होते ही क्रेटा छोड़ भागा तस्कर, तीन महीने बाद पुलिस ने बदायूं से पकड़ा

![]()
कांकेर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नरहरपुर पुलिस ने 67.380 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रदीप गिहार को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। 22 वर्षीय प्रदीप गिहार बदायूं जिले के मीरासराय का निवासी है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह मामला 11 अप्रैल का है, जब नरहरपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि भारतमाला मार्ग से डब्बीपानी की ओर एक क्रेटा वाहन में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन चालक ने तेज रफ्तार से गाड़ी भगाई और ग्राम डब्बीपानी के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त कर मौके से फरार हो गया। वाहन से बरामद हुआ था 67.380 किलोग्राम गांजा दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी तीन बोरियों के 13 पैकेटों से कुल 67.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही लगभग 10 लाख रुपए मूल्य का क्रेटा वाहन भी जब्त किया गया। कुल 43.69 लाख रुपए की संपत्ति जब्त कर नरहरपुर थाने में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस और 20(B)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया था। टीम ने आरोपी को यूपी से किया गिरफ्तार आरोपी प्रदीप गिहार के उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद नरहरपुर थाना और साइबर सेल कांकेर की एक संयुक्त टीम बदायूं पहुंची। तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर प्रदीप गिहार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी प्रदीप गिहार ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे कांकेर लाया गया और 31 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले में जब्त की गई संपत्ति में 67.380 किलोग्राम अवैध गांजा (अनुमानित कीमत 33.69 लाख रुपए), क्रेटा वाहन क्रमांक OD 10 J 3344 (अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए) और दो अतिरिक्त नंबर प्लेट UP14 DL 4480 शामिल हैं। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 43.69 लाख रुपए है।
Source link




