बलौदाबाजार जिले में 11 दिसंबर को अलग-अलग जगहों से 420 कट्टा अवैध धान-चावल पकड़ाया है। लोगों ने अपने घर में अवैध रूप से बिना दस्तावेज धान का भंडारण कर रखा था। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर धान कब्जे में लिया।
.
इसमें 401 कट्टा धान और 19 कट्टा चावल शामिल है। जब्त की गई सामग्री में टुडरा हसुआ स्थित केसरवानी की दुकान से 100 कट्टा धान, अशोक केसरवानी के यहां से 40 कट्टा धान, चूड़ामणि साहू के आवास से 186 कट्टा धान और 19 कट्टा चावल, तथा भाटापारा बोरसी स्थित यदुनंदन किराना से 75 कट्टा धान शामिल है।

कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर बलौदाबाजार जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 11 दिसंबर को राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने टुडरा और भाटापारा तहसील में बड़ी कार्रवाई की।
यह कार्रवाई राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और किसान-हितैषी बनाए रखने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। अवैध रूप से भंडारित और परिवहन किए जा रहे धान पर अंकुश लगाना इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और राजकीय खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित रहे।
धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण
जब्त किए गए समस्त अवैध धान को स्थानीय प्रशासन को सुपुर्द कर दिया गया है। टुडरा तहसील से जब्त सामग्री ग्राम पंचायत हसुआ के सरपंच को और भाटापारा से जब्त धान ग्राम पटेल, बोरसी को सौंपा गया है। संयुक्त टीम ने धान खरीदी केंद्र खैरी का भी निरीक्षण किया।
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व एसडीएम कसडोल रामरतन दुबे ने किया। इसमें तहसीलदार युवराज कुर्रे, नायब तहसीलदार प्रेमा किसपोट्टा और अभिषेक अग्रवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी सीजन में इस तरह के अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी पर रोक के लिए निगरानी अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी भी तरह के गैर-कानूनी कार्य में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
<
