![]()
.
सामाजिक संगठन तहसील साहू संघ गुंडरदेही के तत्वावधान में साहू सदन गुंडरदेही में विवाह योग्य युवक-युवती मार्गदर्शन शिविर लगाया गया है। 24 अक्टूबर से शुरू शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित स्थानीय क्षेत्र के युवक-युवतियां बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मानसिंग सार्वा ने बताया कि हमारे समाज के अधिकतर परिवारों को अपने बच्चों के विवाह योग्य जीवनसाथी की तलाश में काफी कठिनाई होती है। इस परेशानी को देखते हुए समाज के सभी युवक-युवतियों को एक ही मंच पर लाने का यह प्राथमिक प्रयास किया गया है। दो दिन में 25 युवक-युवतियां शामिल होकर शिविर का लाभ ले चुके हैं। संगठन सचिव किशन लाल साहू ने कहा कि हमारे समाज में रोटी-बेटी जैसे सामाजिक संबंधों के साथ-साथ ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम की नितांत आवश्यकता है, जिससे समाज के लोगों का सकारात्मक जुड़ाव बना रहे। उन्होंने बताया कि शिविर में युवक-युवतियों की आवश्यक जानकारी एकत्रित कर उनके परिवारजनों के बीच आपसी संपर्क स्थापित करने की पहल की जा रही है, जिससे उचित संबंधों का निर्धारण हो सके। यह मार्गदर्शन शिविर विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए एक मंच सिद्ध हो रहा है, समाज में सामूहिकता, संवाद और सौहार्द का संदेश भी दे रहा है।
सामाजिक हित में उठाया कदम तहसील साहू संघ के उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल है। समाज के वरिष्ठ और युवा मिलकर इसे सफल बना रहे हैं और समाज के लोग इसकी सराहना कर रहे हैं। समाज के पूर्व कोषाध्यक्ष दिलीप कुल्हारे ने बताया कि शिविर में सभी पंजीकृत युवक-युवतियों को एक ही मंच पर लाया जाएगा। उस अवसर पर प्रतिभागियों की योग्यता, रुचि और पारिवारिक जानकारी के आधार पर आपसी परिचय एवं मुलाकात करवाई जाएगी, जिससे विवाह संबंध जोड़ने का सफलतम प्रयास किया जा सके। जेआर साहू, वीरेंद्र साहू, कल्याण सिंह साहू, राजेंद्र कुमार साहू, टीकम सिंह साहू, नवनिर्वाचित परिक्षेत्रीय अध्यक्ष चंद्रहास साहू, दुष्यंत साहू, लेखु राम साहू का सहयोग मिल रहा।
<
