![]()
दुर्ग जिले में पुलिस ने एक आरोपी को देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और 2 लाख रुपए कैश के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी खारून नदी के पास रेलवे ब्रिज के नीचे खड़ा होकर अवैध हथियार बेचने की फिराक में था। मामला कुम्हारी थाना इलाके का है। दरअसल, 5 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक की बोरी में देशी कट्टा और कैश लेकर खारून नदी के पास रेलवे ब्रिज के नीचे खड़ा है। हथियार बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत टीम बनाई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस टीम वहां पहुंची, संदिग्ध व्यक्ति ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। रायपुर का रहने वाला है आरोपी पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अविनाश आष्टिकर (53) निवासी कबीर नगर रायपुर बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक लोहे का देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, 2 लाख रुपए कैश और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने जब उससे इन सामानों के बारे में पूछताछ की तो वह कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया। ग्राहक का कर रहा था इंतजार पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, आरोपी अवैध रूप से हथियार बेचने की तैयारी में था। ग्राहक का इंतजार करते वक्त उसे पकड़ा गया है। इस मामले में थाना कुम्हारी में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह हथियार कहां से लाया था और वह इसे किसे बेचने वाला था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई और व्यक्ति शामिल है या नहीं।
<
