![]()
जगदलपुर के धरमपुरा स्थित शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 14 मई (गुरुवार) को पीईटी प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। इस केंद्र पर कुल 269 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक एक सत्र में होगी।
अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने केंद्र पर बैठक व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच होगी। इसके चलते अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जांच प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
प्रवेश के समय प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का मिलान किया जाएगा। प्रवेश पत्र इंटरनेट से डाउनलोड किया हुआ होना चाहिए। जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में फोटो संबंधी त्रुटि है, उन्हें दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ रखना जरूरी रहेगा। सख्त ड्रेस कोड लागू परीक्षा के दौरान सख्त ड्रेस कोड लागू रहेगा। अभ्यर्थी केवल हल्के रंग की हाफ टी-शर्ट और चप्पल पहनकर ही परीक्षा हॉल में बैठ सकेंगे। घड़ी, मोबाइल, जूते-मोजे, बेल्ट और किसी भी तरह के आभूषण पर प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
व्यवस्था की निगरानी के लिए डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव और सहायक समन्वयक डॉ. अजय सिंह ठाकुर के साथ समन्वय में पूरी परीक्षा प्रक्रिया कराई जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने और सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
<
