बलौदा बाजार जिले में 10.83 लाख रुपये की चोरी का मामला 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस संबंध में तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।
.
मामला भाटापारा थाना क्षेत्र का है। जहां के.के. वार्ड के रहने वाले राजेंद्र कुमार दुबे के घर में चोरी हुई थी। उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर की रात 8:30 बजे से 5 अक्टूबर की सुबह 6:00 बजे के बीच ये वारदात हुई। अज्ञात चोरों ने दीवार फांदकर और ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया।
चोरों ने अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और 1,50,000 रुपए नकद चुरा लिए थे। इस घटना की रिपोर्ट पर भाटापारा शहर थाने में अपराध क्रमांक 535/2025 दर्ज किया गया था।

तीन संदिग्ध हिरासत में लिए गए
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल जांच शुरू की और घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में तीन संदिग्ध नाबालिग दिखाई दिए, जिनकी पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ के दौरान नाबालिगों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी का सारा सामान श्रीराम कॉलोनी के पास एक खाली खेत की झाड़ियों में छिपाया गया था।

तलाशी अभियान में मिला सामान
पुलिस ने बताए गए स्थान पर तलाशी अभियान चलाया और 10,64,400 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और 19,372 रुपये नकद बरामद किए। कुल 10,83,772 रुपये का चोरी का माल जब्त किया गया है।
तीनों नाबालिगों को संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
<
