![]()
IPL 2026 का पहला मैच रायपुर में MI और RCB के बीच खेला जाना है। मैच की पूरी तैयारियां हो चुकी हैं। शनिवार शाम दोनों टीमों ने जमकर प्रैक्टिस किया है। हालांकि बारिश ने प्रैक्टिस को बीच में ही रोक दिया। मौसम विभाग की माने तो शाम के वक्त आज भी मौसम बदल सकता है। शाम के वक्त बादल बने रहेंगे, लेकिन बारिश पिछली शाम की तरह नहीं होगी। हल्की धूल भरी हवा चलने की संभावना है। यानी बारिश ने खलल भी डाला तो मैच रद्द होने वाली स्थिति नहीं बनेगी। करीब 10 साल बाद रायपुर एक बार फिर IPL की मेजबानी के लिए तैयार है। हालांकि शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम IPL इतिहास में भले ज्यादा मैचों का गवाह नहीं रहा हो, लेकिन यहां दर्शकों का उत्साह बना रहा। पिछले मुकाबलों का एनालिसिस करें तो अब तक खेले गए 6 IPL मैचों में 4 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। जबकि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम केवल 2 मैच जीत सकी। इससे साफ है कि रायपुर की पिच दूसरी पारी में बल्लेबाजों के लिए ज्यादा मददगार साबित हुई। शुक्रवार शाम रायपुर में अच्छी बारिश हुई है। ऐसे में पिच और आउटफील्ड में हल्की नमी रहने की संभावना है। मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को सीम और स्विंग मिल सकती है, जबकि नई गेंद थोड़ी रुककर भी आ सकती है। शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को सेट होने में समय लग सकता है। टॉस की भूमिका फिर भी अहम रहेगी बारिश के बाद की परिस्थितियों को देखते हुए कप्तान पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकते हैं, ताकि पिच के शुरुआती मूवमेंट का फायदा उठाया जा सके। हालांकि मैच आगे बढ़ने के साथ पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो सकती है। अगर पिच में नमी बनी रहती है, तो धीमे गेंदबाजों और स्पिनर्स को भी ग्रिप और टर्न मिल सकता है। खासकर मिडिल ओवर्स में बल्लेबाजों के लिए बड़े शॉट लगाना आसान नहीं रहेगा। दिल्ली का वैकल्पिक होम ग्राउंड बना था रायपुर IPL के शुरुआती सालों में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने रायपुर को अपना सेकेंड होम वेन्यू बनाया था। 2013, 2015 और 2016 में यहां कुल 6 मुकाबले खेले गए। इन मैचों में दिल्ली ने सबसे ज्यादा 4 जीती, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद और RCB को एक-एक जीत मिली। 2013: रायपुर में IPL की धमाकेदार एंट्री रायपुर में पहला IPL मैच 28 अप्रैल 2013 को खेला गया था। दिल्ली डेयरडेविल्स ने पुणे वॉरियर्स इंडिया को 15 रन से हराकर स्टेडियम के IPL इतिहास की विजयी शुरुआत की। इसके बाद 1 मई को दिल्ली ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 7 विकेट से हराया। शुरुआती दोनों मैचों में दिल्ली का दबदबा देखने को मिला। 2015: पहली बार चेज का ट्रेंड हुआ मजबूत 2015 में रायपुर में खेले गए दो मुकाबलों में अलग तस्वीर देखने को मिली। सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली को 6 रन से हराया, लेकिन दूसरे मैच में दिल्ली ने चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से मात दी। इसी सीजन से यह साफ होने लगा कि यहां दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना आसान हो रहा है। 2016: करुण नायर की पारी और RCB की आखिरी जीत 20 मई 2016 को दिल्ली ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया। इस मैच में करुण नायर ने नाबाद 83 रन की मैच विनिंग पारी खेली थी और प्लेयर ऑफ द मैच बने थे। इसके ठीक दो दिन बाद 22 मई को RCB ने दिल्ली डेयरडेविल्स को 6 विकेट से हराकर रायपुर में अपना आखिरी IPL मुकाबला जीता। रोहित ने किया जमकर अभ्यास मैच से पहले टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने नेट्स पर जमकर बल्लेबाजी की और अपने खास पुल शॉट्स के साथ कई स्ट्रोक्स खेले। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने लगभग एक घंटे तक ट्रेनिंग स्टाफ के साथ प्लानिंग, रनअप और फिटनेस को लेकर स्पेशल तैयारी की। उन्होंने गेंदबाजी से पहले कई फिटनेस ड्रिल्स भी की। देखिए तस्वीरें… खिलाड़ियों का वार्मअप और कैचिंग सेशन मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों ने करीब 18 मिनट तक कैचिंग प्रैक्टिस और वार्मअप किया। इसके बाद बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए अलग-अलग नेट्स में विशेष अभ्यास कराया गया। प्रैक्टिस सेशन में टीम के सात विदेशी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। तेज गेंदबाजों ने नेट्स पर अपनी रफ्तार और लाइन-लेंथ पर काम किया। प्रैक्टिस के दौरान कुछ खिलाड़ी मनोरंजक वीडियो शूट करते भी दिखे। जेकब बेथेल बोले- टीम का ध्यान बेहतर करने में मुकाबले से पहले शनिवार को आरसीबी के ऑलराउंडर खिलाडी जेकब बेथेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। उन्होंने टीम की तैयारियों, दबाव और रायपुर की परिस्थितियों को लेकर खुलकर बात की। जैकब बेथेल ने कहा कि बड़े खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना खास अनुभव होता है और इससे एक्स्ट्रा दबाव नहीं बल्कि खुलकर खेलने की आजादी मिलती है। उन्होंने रायपुर में मिले स्वागत और यहां की संस्कृति की भी तारीफ की, कहा कि अब टीम पूरी तरह मुकाबले पर फोकस कर रही है और खिलाड़ी तेजी से परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाल रहे हैं। पिच और मौसम को लेकर उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए ट्रेनिंग सेशन काफी अहम रहा। टीम ने मैदान के आकार, पिच और परिस्थितियों पर चर्चा की है, लेकिन असली समझ मैदान पर उतरने के बाद ही मिलती है। बेथेल ने माना कि लगातार मैच नहीं खेलने पर लय हासिल करना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन उनका पूरा ध्यान अगले मुकाबले में टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करने पर है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में हर अगला मैच सबसे महत्वपूर्ण होता है और टीम आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी। दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस के बीच मैच खेला जाएगा। वहीं, 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे। पुलिस ने जारी किया रूट मैप इस मैच को देखने के लिए हजारों दर्शकों की भीड़ अलग-अलग शहरों और जिलों से आने वाले हैं। इस दौरान जाम की स्थिति न बने और दर्शक समय पर स्टेडियम पहुंच सकें, इसके लिए खास ट्रैफिक व्यवस्था की गई है। चार्ट से समझे स्टेडियम में कहां बैठना है वैलिड पास पर ही एंट्री दर्शकों से कहा गया है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचे, टिकट पर अंकित गेट नियम का पालन करें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें। वैलिड टिकट या पास धारकों को ही एंट्री दी जाएगी। स्टेडियम में ये सामान ले जाने पर बैन स्टूल, छाता, रोलर, स्केट्स बोर्ड, हथियार, पटाखे, चाकू, तलवार, कैंची और अन्य धारदार वस्तुएं शामिल हैं। कांच के कंटेनर, बड़े बैग, सूटकेस, लेडीज बैग, लैपटॉप, कैमरा, लेजर लाइट, परफ्यूम स्प्रे, सिरिंज, पेन-पेंसिल, फुग्गे, लाठी, हॉकी स्टिक, झंडे, जानवर और प्रचार सामग्री भी प्रतिबंधित रहेगी। सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम आईपीएल मैच के मद्देनजर स्टेडियम परिसर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों के साथ स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने दर्शकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त वालंटियर्स तैनात करने के निर्देश दिए। ……………… इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… रायपुर- IPL मैच टिकट की इंस्टा पर ब्लैक मार्केटिंग: डेढ़ हजार ज्यादा मांग रहे ब्रोकर, भास्कर रिपोर्टर से कहा- एडवांस दो, ऑनलाइन टिकट भेजूंगा रायपुर में होने जा रहे IPL मैच की टिकट की ब्लैक मार्केटिंग हो रही है। ऑनलाइन बिक्री शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में अधिकांश टिकट सोल्ड आउट हो गई। जिसके बाद अब दलाल साढ़े 3 हजार की टिकट 4-5 हजार रुपए तक ब्लैक में बेच रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…
<
