![]()
बिलासपुर में मंगलवार रात हुए हादसे में अब नया मोड़ आ गया है। पुलिस पहले इसे आत्महत्या मान रही थी। लेकिन, गंभीर रूप से घायल युवती ने अपने बयान में हादसा बताया है। युवती ने कहा कि उसका ब्वॉयफ्रेंड शराब के नशे में लड़खड़ा रहा था। वह छत से गिर रहा था, जिसे बचाने के चक्कर में दोनों तीन मंजिला छत से नीचे गिर गए। इस हादसे में युवती का कमर और रीढ़ की हड्डी टूट गई है। गरिमा सिंह का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बुधवार को जब युवती होश में आई, तब पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। गरिमा ने पुलिस को बताया कि वह और चिरंजीव उर्फ चिंटू पांडेय ब्लॉक नंबर 34 की छत की दीवार पर बैठकर बात कर रहे थे। इस दौरान युवक के साथ युवती भी शराब पी रही थी। नशे में लड़खड़ा रहा था युवक, बचाने के चक्कर में दोनों गिर गए
युवती ने बताया कि चिरंजीव काफी नशे में था और दीवार पर बैठकर और शराब पी रहा था। इसी दौरान नशे के कारण अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह पीछे की ओर गिरने लगा। उसे बचाने के लिए गरिमा ने उसका हाथ पकड़ा। लेकिन, वह चिरंजीव का वजन नहीं संभाल पाई और दोनों एक साथ तीन मंजिला इमारत से नीचे गिर गए। रीढ़ और कमर की हड्डी टूटी, अब चल पाने की उम्मीद कम
हादसे में चिरंजीव की जान चली गई, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार अब युवती नहीं चल पाएगी। गरिमा की रीढ़ और कमर की हड्डी पूरी तरह टूट चुकी है। सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि गरिमा अब भविष्य में कभी अपने पैरों पर नहीं चल पाएगी। फिलहाल उसका इलाज जारी है। युवक का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ
टीआई किशोर केंवट ने बताया कि युवती का बयान दर्ज कर लिया गया है। उसने साफ किया है कि यह आत्महत्या का प्रयास नहीं था। युवक का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। पुलिस हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर रही है।
<
