![]()
मनेन्द्रगढ़ में जीवन दीप समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल शामिल हुए। इस बैठक में 220 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ के मरम्मत और जीर्णोद्धार से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान मंत्री जायसवाल ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अटल आरोग्य लैब को जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को समय पर जांच की सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त, अस्पताल परिसर में कैंटीन सुविधा शुरू करने, मरीजों के परिजनों के लिए ठहरने की उचित व्यवस्था करने और पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। अस्पताल में लगेगी सिटी स्कैन मशीन, जांच होगी आसान स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए अस्पताल में सिटी स्कैन मशीन स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया है। इससे गंभीर बीमारियों की जांच में तेजी आएगी और मरीजों को बाहर रेफर करने की आवश्यकता कम होगी। बैठक में यह भी तय हुआ कि मनेन्द्रगढ़ और चिरमिरी के अस्पतालों में 108 एम्बुलेंस के अतिरिक्त अलग से एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके। इस बैठक को मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इन निर्णयों से क्षेत्र के आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
<
