![]()
मनेन्द्रगढ़ में 18वीं बटालियन चैनपुर के जवानों द्वारा एक अनोखे जुंबा एरोबिक्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय सुरभि पार्क में हुए इस आयोजन में तीन पीढ़ियों के लोगों ने एक साथ हिस्सा लेकर फिटनेस का संदेश दिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य फिटनेस को जन-जन तक पहुंचाना था। इसमें शामिल होने के लिए कोई शुल्क या प्रवेश संबंधी पूछताछ नहीं की गई, जिससे यह पहल पूरे क्षेत्र का ध्यान आकर्षित कर सकी। जुंबा एरोबिक्स कार्यक्रम में बच्चे, युवा और 80 वर्ष तक के बुजुर्गों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने मिलकर स्वस्थ जीवनशैली का महत्व दर्शाया। लोगों को दिया ‘फिट रहो, स्वस्थ रहो’ का मूल मंत्र कार्यक्रम का नेतृत्व 18वीं बटालियन के हेड संजय शर्मा ने किया। उन्होंने ‘फिट रहो, स्वस्थ रहो’ का मूल मंत्र देते हुए लोगों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित किया। शर्मा ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है, क्योंकि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देते हैं। जुंबा एरोबिक्स में हर उम्र के लोगों ने दिखाया जोश सुरभि पार्क में जब म्यूजिक की धुन पर जुंबा और एरोबिक्स शुरू हुआ, तो माहौल ऊर्जा और उत्साह से भर गया। बटालियन के 80 जवानों के साथ-साथ छोटे बच्चे, युवा और 80 साल तक के वरिष्ठ नागरिकों ने भी पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ हिस्सा लिया, यह साबित करते हुए कि फिटनेस की कोई उम्र नहीं होती। स्थानीय योग ट्रेनर सतीश उपाध्याय ने इस आयोजन को फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता की मिसाल बताया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही है, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वस्थ और सक्रिय जीवन अपना सकें।
<
