![]()
बलरामपुर वनमंडल में सरसों और डोरी तेल मिल का शुभारंभ किया गया है। सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने पीवीटीजी वनधन विकास केंद्र पतरापारा में दुर्गा महिला स्वयं सहायता समूह के लिए स्थापित इस मिल का उद्घाटन किया। यह पहल महिला समूहों को रोजगार और आय का अवसर प्रदान करेगी। यह मिल केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जन मन योजना के अंतर्गत स्थापित की गई है। इस योजना का उद्देश्य आदिवासी लाभार्थियों को सूक्ष्म उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बनाना है। वन विभाग द्वारा लघु व्यवसाय विकास को बढ़ावा देने के लिए यह कदम उठाया गया है। योजना के तहत, लघु वनोपज का संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन स्वयं सहायता समूहों तथा आदिवासी कारीगरों के माध्यम से किया जा रहा है। वनधन विकास केंद्र (वीडीवीके) स्थानीय उत्पादों में मूल्य संवर्धन कर उन्हें बाजार तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। पहले देखिए तस्वीरें 15 समूहों के 148 लोगों को मिल रहा सीधा लाभ बलरामपुर जिले में यह पहल आदिवासी समुदाय के लिए आय सृजन का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। पतरापारा स्थित वनधन विकास केंद्र से 15 स्वयं सहायता समूहों से जुड़े 148 आदिवासी लाभार्थियों को सीधा लाभ मिल रहा है। पतरापारा ग्राम पंचायत में सरसों और महुआ की अच्छी पैदावार होती है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। स्थापित सरसों-डोरी तेल मिल से महिला समूहों को प्रतिवर्ष लगभग 1.70 लाख से 2 लाख रुपए तक की आय होने का अनुमान है। इससे स्थानीय स्तर पर शुद्ध तेल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे महिला समूहों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सुधार होगा और उनके जीवन स्तर में वृद्धि होगी। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी की पहल पर यह केंद्र स्थापित किया गया है।
<
