सूरजपुर में बोलेरो से पकड़ा गया 44 लाख का गांजा:पुलिस ने पीछा किया तो हॉस्पिटल में बोलेरो छोड़कर भागा चालक, गिरफ्तार

![]()
सूरजपुर जिले के प्रेमनगर में पुलिस ने बोलेरो वाहन से 44 लाख रुपये का गांजा जब्त किया है। पुलिस के चेकिंग प्वाइंट को देखकर बोलेरो का चालक गाड़ी लेकर भागा और उसने हॉस्पिटल परिसर में बोलेरो वाहन को छिपा दिया। पुलिस ने गांजा से भरे बोलेरो वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, प्रेमनगर पुलिस ने बीती रात रघुनाथपुर चौक के पास चेकिंग प्वाइंट लगाया था और वाहनों की जांच की जा रही थी। पुलिस चेकिंग प्वाइंट को देखकर एक बोलेरो वाहन का चालक तेजी से गाड़ी लेकर बस्ती की ओर घुस गया। पुलिस ने वाहन का पीछा किया, लेकिन बोलेरो वाहन का पता नहीं चला। पुलिस ने बाइक से दो युवकों बस्ती की ओर से आते देखकर रोका तो बाइक चालक ने बताया कि उसके पीछे सवार युवक को वह नहीं जानता है। वह लिफ्ट लेकर बाइक में सवार हुआ है। पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो युवक की शिनाख्त उमरे आजम उर्फ नान्हू खान (40 वर्ष) निवासी ग्राम पोड़ी (बचरा), जिला कोरिया के रुप में हुई।
हॉस्पिटल परिसर में मिला गांजा लोड बोलेरो युवक ने पूछताछ में बताया कि बोलेरो वाहन को उसने हॉस्पिटल परिसर में छिपा दिया है और वह लिफ्ट लेकर भाग रहा था। बोलेरो में गांजा लोड है। पुलिस ने हॉस्पिटल परिसर पहुंचकर बोलेरो वाहन की जांच की तो उसमें गांजे के पैकेट मिले। पुलिस ने पैकेटों का तौल कराया। गांजे का कुल वजन 88 किलो 430 ग्राम मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये है। युवक ने बताया कि वह सरगुजा के एक स्थान से गांजा लेकर बचरा पोड़ी जा रहा था। गांजा ओड़िसा से सरगुजा लाया गया था। गांजा उसे किसने दिया, इसकी तस्दीक की जा रही है। पुलिस ने गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को जब्त किया है। पुलिस ने उमरे आजम के खिलाफ धारा 20(बी), एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। सूरजपुर एसपी योगेश कुमार पटेल ने कहा कि सूरजपुर जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने लोगों से नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
Source link




