भास्कर न्यूज | अंबिकापुर सरगुजा में ठंड के तेवर दिन-ब-दिन तीखे होते जा रहे हैं। उत्तर-पश्चिम की सर्द हवाओं के असर से अंबिकापुर सहित पूरे संभाग का तापमान सामान्य से नीचे है। मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री पर आ गया, जो सीजन में सबसे कम है। इससे सोमवार की रात सबसे सर्द गुजरी। सर्द हवाओं के कारण पांच दिन से शहर का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे बना हुआ है। आने वाले समय में भी इससे राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के मेट्रोलॉजिस्ट एएम भट्ठ ने बताया कि उत्तर से आ रही लगातार सर्द हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। कड़ाके की ठंड का असर ग्रामीण व पहाड़ी इलाकों में शहर की तुलना में ज्यादा है। मैनपाट में 2 डिग्री के आसपास तापमान बना हुआ है। इससे लगे मैदानी इलाकों में भी यही स्थिति है और पाला जम रहा है।
<
